चंडीगढ़ के ज्वेलरी शोरूम में लूट
- फोटो : amar ujala
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने फॉरएवर डायमंड शोरूम में 14 करोड़ के हीरे लूटने के फर्जी मामले में शोरूम के मालिक और मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को सेक्टर 17 बस अड्डे से बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट पहले ही उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है।
गौरतलब है कि गत 1 मई को सेक्टर 17 स्थित फॉरएवर डायमंड शोरूम के मालिकों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 11 बजे एक युवती समेत तीन लोगों ने गन प्वाइंट पर 14 करोड़ के हीरे लूट लिए। जाते-जाते लुटेरे शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे उखाड़कर ले गए।
उसने पुलिस को बताया था कि जेवर में बदलाव कराने के लिए वर्कर को बाहर भेजा था। इसी दौरान एक युवक ने शोरूम मालिक पर पिस्टल तान दी। वहां मौजूद दोनों भाइयों को एक युवक ने गन प्वाइंट पर रोके रखा जबकि युवती और दूसरे युवक ने शोरूम को खंगालकर हीरे जवाहरात बैग में भर लिए। इसके बाद वे तीनों दुकान के बाहर निकले और फरार हो गए।
लूट का रचा था ड्रामा
बाद में पुलिस जांच में मामला फर्जी साबित हुआ। आरोपी पकड़े गए तो उन्होंने बताया कि उनको नाटक में काम करने के नाम पर बुलाया गया था। जांच में यह बात सामने आई कि दोनों भाइयों को शोरूम खाली करना था। उन्होंने सारा सामान पहले ही शिफ्ट कर दिया था। उन पर काफी कर्ज भी था। इसीलिए उन्होंने लूट का ड्रामा रचा। जांच के दौरान दोनों भाई अस्पताल में भर्ती हो गए थे।
इसी बीच रजनीश अस्पताल से फरार हो गया था। जबकि दूसरेे भाई को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था । रजनीश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी लेकिन वह खारिज हो गई । सेक्टर 17 थाना पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात पुलिस ने रजनीश को सेक्टर 17 बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।