सरकारी स्कूल परिसर से दिनदहाड़े तीन पूर्व स्कूली छात्र पिस्तौल दिखाकर प्राचार्य की कार छीन ले गए। जिस समय यह वारदात हुई, स्कूल में सैकड़ों विद्यार्थी और अध्यापक मौजूद थे। घटना हरियाणा के जुलाना के गांव शामलो कलां की है।
सूचना पर जुलाना पुलिस स्कूल पहुंची। पुलिस ने वायरलेस कर क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। प्राचार्य ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने कार को बरामद कर लिया। वहीं, आरोपी युवक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामलो कलां गांव के प्राचार्य सुरेश जोजवान ने बताया कि बृहस्पतिवार को अपनी कार से स्कूल गए थे। सुबह विद्यार्थी स्कूल परिसर में परेड कर रहे थे। वह कार्यालय के बाहर डालकर बैठे थे तभी एक युवक आया और उसने कार की चाबी मांगी। युवक ने कहा कि मै आपकी कार दो बजे तक कार लौटा दूंगा।
प्राचार्य ने युवक को कार देने से इंकार कर दिया। इसके बाद दो और युवक आए। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर कनपटी पर लगा दी और दूसरे युवक ने जेब में पड़ी कार की चाबी निकाली ली। शोर करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों युवक कार लेकर फरार हो गए।