चंडीगढ़। देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे युवक से चार बदमाश उसकी एक्टिवा स्कूटर लूटकर फरार हो गये। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर 25 निवासी सुरिंदर कुमार रात को करीब 1 बजे घर लौट रहा था। पीड़ित के अनुसार जैसे ही वह सेक्टर 25-38 चौक पर पहुंचा। तभी चार लड़के उसके सामने आ गए। इसके बाद उसे स्कूटर रोकना पड़ा। स्कूटर रुकते ही बदमाशों ने उसे जबरन स्कूटर से नीचे ढकेलकर स्कूटर लेकर फरार हो गये।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने उससे स्कूटर छीना और उसमें उसका मोबाइल भी रखा था। स्कूटर छीनकर जब वह भागे तो उसने कुछ दूर तक उनका पीछा किया। कुछ दूर भागने के बाद उसे पीसीआर खड़ी दिखी। उसने पीसीआर कर्मियों को वारदात के बारे में बताया। पीसीआर के कर्मियों ने कंट्रोल रूम में मैसेज फ्लैश करवाया और एरिया की नाकेबंदी कराई। लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब रहे। इसके बाद मौके पर सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन से जांच अधिकारी बलबीर सिंह पहुंचे।
सुरिंदर ने बताया कि उन लड़कों को वह नहीं जानता है। लूट के वक्त किसी ने भी मुंह नहीं ढके थे। पीड़ित का कहना है कि अगर वह सामने आ जाएं तो वह पहचान लेगा। जांच अधिकारी बलबीर सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।