खुड्डा अलीशेर में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के बाहर कैश वैन से पांच लाख लूटने वाले डकैत पंचकूला एमडीसी के मकान नंबर-350 में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पंचकूला में फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी करने के दौरान सीसीटीवी कैमरे में सात डकैतों के चेहरे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने जींस और टीशर्ट पहनी थी। एक डकैत ने पैसे काले रंग के बैग में डाले थे और उसे पीठ पर लटकाया हुआ था। आपरेशन सेल की टीम ने फुटेज जब्त कर ली है।
इसके अलावा नया गांव स्थित बिजली की एक दुकान से भी सीसीटीवी फुटेज जब्त की गई है जिसमें फॉर्च्यूनर दिखाई दे रही है। लुटेरों द्वारा छोड़ी गई फॉर्च्यूनर से पुलिस को लाल मिर्च पाउडर और दो कुल्हाड़ी मिली है।
10:35 मिनट पर आई थी फॉर्च्यूनर
नया गांव के बार्डर से शुक्रवार सुबह 10:35 बजे फॉर्च्यूनर आई थी। उसके 15 मिनट बाद बैंक की कैश वैन आई। यह जानकारी पुलिस को एंट्री प्वाइंट के पास बिजली की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से पता लगी है। वहीं पंचकूला में डकैतों ने करीब ढाई बजे गाड़ी खड़ी की थी। नया गांव एंट्री प्वाइंट पर पुलिस द्वारा लगाए सीसीटीवी कैमरे नहीं चल रहे थे।
पंचकूला के इलाके की डकैतों की जानकारी
डकैतों को पंचकूला के इलाके की अच्छी जानकारी थी। इससे पुलिस को लगा रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह के सदस्य हरियाणा के रहने वाले हैं। डकैतों की लंबाई और डीलडौल भी अच्छा था। लूट और डकैती की वारदात करने में पकड़े गए अपराधियों का रिकार्ड चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा की जेलों से मंगवाया है।
मोबाइल डाटा निकाल रही है पुलिस
डकैतों को पकड़ने के लिए पुलिस ने खुड्डा अलीशेर, नया गांव से पंचकूला और आसपास इलाकों के मोेबाइल फोन के डंप डाटा निकाल रही है। पुलिस को पंचकूला एमडीसी से लिए गए डंप डाटा से मदद मिल सकती है। वहां डकैताें ने फॉर्च्यूनर को छोड़कर किसी गाड़ी वाले को फोन करके बुलाया होगा।