रोशन लाल एयरफोर्स से वारंट ऑफिसर से सेवानिवृत्त हुए थे। वायुसेना में नौकरी के दौरान रोशन लाल को उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया था। इसके बाद वह दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में भर्ती हो गए थे। यहां पर सेवाएं देते हुए वह जेई के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद से वे हंसनगर में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी और बेटा
बदमाशों के जाने के बाद गुलाबो देवी ने घर के पीछे की खिड़की खोल कर बेटे व पुत्रवधू को आवाज लगाई। शोर सुनकर उनका बेटा व पड़ोसी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को मामले की सूचना दी। रोशन लाल व गुलाबो देवी को अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोशन लाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, परंतु उनका कहीं पता नहीं लग पाया।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
डकैती व हत्या करने वाले बदमाश पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। रात को 8 : 54 बजे बदमाश दीवार फांद कर घर में घुसते हुए और करीब 15 मिनट बाद वहां से भागते हुए नजर आ रहे हैं। बदमाश गली से पैदल ही फरार हुए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है। बुधवार को डीएसपी मोहम्मद जमाल व क्राइम इंवेस्टिगेशन एजेंसी ने भी बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और डकैती, हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अन्य एंगल पर भी कर रही है जांच
बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया उससे अंदेशा है कि बदमाश पीड़ित परिवार को पहले से जानते थे। रात करीब नौ बजे वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से आसानी से फरार हो गए। बदमाशों को इस बात की भी जानकारी थी कि पीड़ित दंपती घर के अंदर अकेले रहते हैं और नकदी भी उनके कमरे में रखी अलमारी के अंदर है। इसलिए बदमाशों ने दंपती से मारपीट करने के बाद केवल अलमारी को ही तोड़ा है।
मामले में डकैती व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों के बारे में भी सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस की स्पेशल टीम गठित की गई है। उम्मीद है जल्द बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। -मोहम्मद जमाल, डीएसपी रेवाड़ी।