स्टेट विजिलेंस टीम ने लघु सचिवालय में स्थित तहसील कार्यालय के एक रजिस्ट्री क्लर्क को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है।
यह रिश्वत एक प्लॉट की रजिस्ट्री करने के नाम पर ली जा रही थी। रजिस्ट्री क्लर्क के पकडे़ जाने की खबर से लघु सचिवालय में अफरा-तफरी फैल गई।
विजिलेंस टीम की अगुवाई कर रहे इंस्पेक्टर रणवीर सिंह ने बताया कि सराय मोहल्ला निवासी बंसीलाल ने शिकायत दी थी कि उसने एक प्लॉट की रजिस्ट्री करवाई थी, जिसे क्लर्क ने अपने पास रख लिया।
इस देने की एवज में वह सात हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता की सूचना के बाद उन्होंने जिला उपायुक्त को अवगत करवाया।
डीसी ने बीडीपीओ रामपाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने पांच सौ के चौदह नोटों को पाउडर लगाकर और साइन कर शिकायतकर्ता को सौंप दिए।
शिकायतकर्ता तहसील कार्यालय में पहुंचा और रजिस्ट्री क्लर्क को पैसे दे दिए। विजिलेंस टीम ने क्लर्क को रंगेहाथ गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।