वेरका पुलिस ने जम्मू नशा खरीदने जा रहे पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से साढे 22 लाख की ड्रग मनी, ट्रक और चोरी की कई कारें बरामद की हैं। पुलिस ने सभी को अदालत में पेश कर 14 अगस्त तक का रिमांड लिया है।
गिरफ्तार नशा तस्करों में धरमिंदर सिंह, शमिंदर सिंह, परमजीत सिंह, जगदीप सिंह व कर्मजीत सिंह शामिल है। पांचों ने कई वर्षों से एक गिरोह बनाया है। इस गिरोह का सरगना धरमिंदर सिंह है। एसएचओ निशान सिंह ने बताया कि उन्हें 10 अगस्त को एक गुप्त जानकारी मिली थी कि तस्करों का एक गिरोह जम्मू-कश्मीर नशीले पदार्थ खरीदने जा रहा है।
पुलिस ने वेरका चौक के नजदीक बुधवार को नाका लगा कर पांचों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। ये पांचों ट्रक में बैठे थे। ड्रग मनी भी इन्होंने ट्रक में ही छिपाई थी। पूछताछ में इन्होंने बताया कि इस राशि से वह नशा खरीदने जा रहे थे। रिमांड के दौरान पुलिस उन लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं, जहां से ये ड्रग्स खरीदते थे।