मोगा में तैनात पुलिस मुलाजिम एवं गायक कुलजीत सिंह को अपने गीत में हथियारों का महिमा मंडन करना महंगा पड़ गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ बाघापुराना पुलिस थाने में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, कुलजीत सिंह मोगा पुलिस में पेट्रोलिंग पार्टी में तैनात है। वह एक उभरता गायक भी है। उसने 30 नवंबर को अपना एक नया गाना महाकाल का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया। इसमें हथियारों का महिमा मंडन था। जैसे ही यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो तुरंत उस पर केस दर्ज कर लिया गया। हालांकि मामला दर्ज होने के बाद गाने को वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
मोगा एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि यह गाना सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस के विपरीत और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देता है। कुलजीत पंजाब पुलिस में कांस्टेबल हैं, इसलिए उसे विभागीय कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा।
चार बोतल वोदका...अब एफएम रेडियो पर नहीं चलेगा
उधर, केंद्र सरकार ने एमएम रेडियो चैनल को शराब, नशीले पदार्थ, हथियार, गैंगस्टर व बंदूक संस्कृति का महिमा मंडन करने वाले गानों को प्रसारित करने के खिलाफ आगाह किया है।अब 'चार बोतल वोदका'...और मैं नशे में टल्ली हो गया... जैसे गीत एफएम रेडियो पर चलाने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस संबंध में जारी दिशा-निर्देशों में कहा कि एफएम चैनल अनुमति समझौते के तहत निर्धारित नियमों और शर्तों का सख्ती से पालन करें।