अमृतसर की बी डिवीजन थाने की पुलिस ने गिरफ्तार सीमांत गांव नौशहरा निवासी तस्कर जोबनजीत सिंह की निशानदेही पर 2 किलो 600 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 950 ग्राम नशीला पाउडर, 7 लाख 40 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की एक पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी तस्कर ने यह खुलासा पुलिस रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में किया।
यह जानकारी एडीसीपी सिटी-1 डॉ. मेहताब सिंह ने शुक्रवार को बी डिवीजन थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। एसीपी गुरिंदर सिंह नागरा और लखविंदर सिंह कलेर भी मौजूद थे। एडीसीपी ने बताया कि बी डिवीजन थाने की पुलिस ने 16 मई 2023 को 100 फुट रोड से जोबनजीत सिंह को काबू करके उसके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की थी।
आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर जब पूछताछ की गई तो बड़े खुलासे हुए। सामने आया कि उसके पाकिस्तानी तस्कर अली के साथ संबंध हैं। उसने पाक तस्करों से फोन के जरिये संपर्क कर कुछ समय पहले ड्रोन के जरिये घरिंडा थानाक्षेत्र के गांव भरोपाल क्षेत्र में हेरोइन की खेप मंगवाई थी।
डॉ. मेहताब सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने बताया कि हेरोइन की खेप उसने अपने एक दोस्त के घर की रसोई में छिपाकर रखी है। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 2.6 किलो हेरोइन, एक किलो 950 ग्राम नशीला पाउडर, 7 लाख 40 हजार रुपये की ड्रग मनी, 32 बोर की एक पिस्तौल और पांच कारतूस पकड़े हैं।
एडीसीपी डॉ. सिंह ने बताया कि पुलिस और सीआईए की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई एसीपी लखविंदर सिंह कलेर, एसीपी (डिटेक्टिव) गुरिंदर सिंह नागरा, बी डिवीजन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवदर्शन सिंह और सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह के नेतृत्व में की। उन्होंने बताया आरोपी को दोबारा पुलिस रिमांड पर लेकर उसके सप्लायर और ग्राहकों का पता लगा कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।