पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को कैंट की सूचना देने वाले सेना के एमईएस विंग के दर्जा चार कर्मी गुरविंदर सिंह को काउंटर इंटेलिजेंस ने शनिवार को हिरासत में लिया। इंटेलिजेंस अधिकारियों के अनुसार उक्त कर्मी जयपुर निवासी एक युवती के संपर्क में आया था। युवती आईएसआई के लिए काम करती है। युवती को आरोपी कैंट की खुफिया जानकारी देता था, जिसे वह पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के बडे़ अधिकारियों को भेजती थी।
इंटेलिजेंस के एसपी देसराज सिंह ने बताया कि गुरविंद्र सिंह पुत्र सिमरजीत सिंह निवासी चंडीगढ़, बठिंडा छावनी में बतौर मल्टी टास्किंग स्टाफ में बतौर दर्जा चार कर्मी की नौकरी करता है। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि उक्त व्यक्ति पाकिस्तानी जासूस खुशदीप कौर के संपर्क में था और युवती ने उसे हनी ट्रैप में फंसाया था। इसके बाद वह गुरविंद्र सिंह से भारतीय सेना की गुप्त सूचनाएं व्हाट्सएप और फेसबुक के जरिये मंगाने लगी।
आरोप है कि कर्मचारी ने पाकिस्तान जासूस युवती को वेस्टर्न सीएमडी पोस्टिंग ग्रुप और एमईए इन्फॉर्मेशन अपडेट ग्रुप में शामिल करवाया था। वह लड़की इस ग्रुप पर नजर रखती थी। लड़की ने सोशल मीडिया के जरिये ही उसे अपने जाल में फंसाया और जानकारी हासिल की।
आरोपी ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के एजेंट से वीडियो व ऑडियो कॉल भी की। अधिकारियों ने बताया गुरविंद्र सिंह के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें मौजूद डाटा की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने गुरविंद्र सिंह के खिलाफ थाना कैंट में ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत मामला दर्जकर पूछताछ कर रही है।