पंजाब के अमृतसर में बस अड्डे के सामने एक होटल में पुलिस ने सोमवार रात दबिश देकर देह व्यापार का भंडाभोड़ किया है। होटल में कार्रवाई के बाद मालिक, मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। होटल मालिक मैनेजर और उसका एक सहायक पर लड़कियों से जिस्म फिरोशी करने का आरोप है। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर अरुणपाल सिंह ने मंगलवार की दोपहर पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में दी।
सीपी अरुणपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शहर में कुछ होटलों में देह व्यापार चल रहा है। इसके बाद एडीसीपी-सिटी-3 अभिमन्यु राणा की देखरेख में अभियान चलाया गया। रामबाग थाना प्रभारी के नेतृत्व में सोमवार रात दबिश दी गई। आरोपी मोबाइल पर लड़कियों की तस्वीरें भेज कर उनके दाम तय करते थे।
पुलिस ने दबिश में छेहरटा के घनूपुर काले निवासी जसपिंदर सिंह उर्फ जस्सी होटल मालिक, गुरदासपुर के गांव पारोवाल निवासी होटल मैनेजर किरपाल सिंह और उसके सहायक जंडियाला गुरु निवासी गुरचरणबीर सिंह सांगा को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक युवती को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पर होटल मालिक को पर्चे से निकालने का था दबाव
बताया जा रहा है कि होटल मालिक को गिरफ्तार करने के बाद उसे पर्चे से बाहर निकालने के लिए पुलिस पर काफी दबाव बनाया गया था। कुछ राजनेताओं ने भी सीपी से इस बाबत संपर्क किया। इसके बावजूद होटल मालिक को पर्चे में शामिल किए जाने की हिदायतें थाना प्रभारी को दी गईं।