अपहरणकर्ताओं ने राहुल के चचेरे भाई दीपक के पास व्हाट्सअप के नंबर पर रविवार सुबह 11:47 पर मैसेज किया था। उसमें अपहरणकर्ताओं ने लिखा था कि छोटा चाहिए तो दो लाख रुपये का जुगाड़ कर लो। इसके बाद दीपक ने वापस मैसेज का जवाब देते हुए लिखा कि पैसे तैयार हैं, कहां पहुंचाने हैं? इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने बैंक की डिटेल दी। दिए गए बैंक अकाउंट में परिजनों ने एक लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद पैसे मिल जाने की कॉल की कि पैसे मिल गए हैं और बाकी रकम नकद लेगा।
अपहरणकर्ताओं व राहुल के चचेरे भाई दीपक की बातचीत के अंश:
अपहरणकर्ता: हैलो थारे एक लाख मन्नै मिल गए। बाकी के पीस्से मैं कैश लूंगा, अब तुम आराम से घर चले जाओ।
-दीपक: एक बार भाई से बात तो करवा दो। या उसकी फोटो भेज दो।
अपहरणकर्ता: ज्यादा सीआईडी करण की कोशिश की तो इस नै जान त मार दूंगा। पुलिस को बताया तो इसकी लाश भी नहीं मिलेगी।
अपहरणकर्ता हरियाणवी में करता रहा बातचीत
पुलिस पूरे मामले की कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अपहरणकर्ता फोन पर राहुल के परिजनों से ठेठ हरियाणवी में बात कर रहा था। पुलिस इसको दो एंगल से देख रही है। इसमें तर्क है कि हो सकता है अपहरणकर्ता हरियाणवी में बात करके पुलिस की जांच का ट्रैक भटकाने का प्रयास कर रहा हो और दूसरा ये कि अपहरणकर्ता देहाती परिवेश का हो।
परिजन राहुल की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। परिजनों ने चंडीगढ़ से दिल्ली तक 20 हजार से अधिक राहुल के पोस्टर नहर, अस्पतालों, लघु सचिवायल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड व पुलिस थानों में लगा दिए हैं, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं लगा है।
मां ने खाना छोड़ा
राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। राहुल के पिता स्पीनिंग मिल चलाते हैं। मां बिंटू गृहणी हैं। जब से राहुल लापता हुआ है मां ठीक से खाना भी नहीं खा रही है। जब से अपहरणकर्ता का फोन आया है उसके बाद से सहमी मां ने खाना भी छोड़ दिया है।
वो दो घंटे ही खोलेंगे राज
शनिवार को राहुल परिजनों को जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। सवा आठ बजे राहुल घर से निकला था। वो सवा 10 बजे घर लौटकर आया था। राहुल दो घंटे तक घर से बाहर रहा। अगले दिन सुबह 6 बजे राहुल ये कहकर घर से चला गया था कि वो पांच मिनट में वापस आ रहा है। इसके बाद राहुल घर नहीं लौटा।
राहुल अकसर सुबह घर से बाहर नहीं निकलता था। पुलिस व परिजनों ने इस बात का भी पता किया है कि शनिवार को राहुल किसी जन्मदिन की पार्टी में नहीं गया था। उस रात को दो घंटे ही राहुल कहां रहा था। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वो दो घंटे ही इस मामले का खुलासा करेंगे।
फिरौती मांगने वाले आरोपी प्रदीप कुमार निवासी खिरावड़ी सोनीपत को शिव चौक पानीपत से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। वह आईपीएल मैच में सट्टा लगाकर पांच लाख रुपये हार गया था। जिसकी रिकवरी के लिए उसने गन्नौर रेलवे स्टेशन पर चस्पा राहुल का पोस्टर देख नंबर लिया और फिरौती मांगने का प्लान बनाया। -छबील सिंह, प्रभारी सीआईए-3