वर्ष 2017-18 में जुलाना क्षेत्र में बारिश से खराब हुई फसल के लिए मिले 40 हजार मुआवजे को बैंक खाते में डालने के बदले किसान से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रोहतक निवासी पटवारी रविंद्र को विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि पौली गांव निवासी रमेश कुमार ने सोमवार को शिकायत दी थी कि उनके गांव का पटवारी रविंद्र 2017 में जलभराव के कारण खराब हुई फसल के मुआवजे की राशि बैंक खाते में डालने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। इस पर मंगलवार को विजिलेंस की टीम ने निरीक्षक बलवान सिंह, एसआई अनिल, बलजीत व सिपाही संजय की टीम ने दबिश दी।
इस दौरान सफीदों के बीडीपीओ कीर्ति सिरोहिवाल ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे। रमेश कुमार ने विजिलेंस द्वारा दिए गए दो-दो हजार रुपये के दस नोट पटवारी रविंद्र को थमा दिए। इशारा मिलते ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट व विजिलेंस की टीम ने पटवारी रविंद्र कुमार को दबोच लिया। इस दौरान रविंद्र कुमार से विजिलेंस द्वारा दिए गए पैसे बरामद कर लिए हैं।
अकेले रमेश को छोड़ सभी के पैसे डाल दिए खाते में
शिकायतकर्ता रमेश कुमार के अनुसार फसल खराब होने पर गांव के कई लोगों को मुआवजा मिला है। इसकी राशि पटवारी द्वारा गांव के अन्य सभी किसानों के बैंक खाते में डाल दी गई, लेकिन पिछले करीब तीन-चार महीने से उसके चक्कर कटवाए जा रहे थे। रमेश कुमार के अनुसार उसकी करीब पांच एकड़ फसल जलभराव के चलते खराब हुई थी और यह जमीन तीन लोगों के नाम है। इस पर सोमवार को पटवारी रविंद्र ने उससे पैसे की मांग की थी। इस पर उसने विजिलेंस को शिकायत दी।