दबिश में कमरे से अल्ट्रावायलेट ब्लोअर बेल्ट मशीन, कंप्यूटर, चार कलर प्रिंटर, स्कैनर बरामद
पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह खुद अपने किराये के मकान के एक कमरे में जाली नोट तैयार करता है। इसके लिए उसने बाकायदा पूरा सेटअप लगा रखा है। इसके आधार पर पुलिस पार्टी ने घर पर दबिश दी तो वहां कमरे से एक अल्ट्रावायलेट ब्लोअर बेल्ट मशीन (नोट सुखाने में इस्तेमाल की जाती थी), एक कंप्यूटर सेट समेत चार कलर प्रिंटर/स्कैनर, एक जुगाड़ू टेबल बरामद की।
इस टेबल पर क्लैंप फिट थे और जिसे आरोपी नोट छापने व काटने में इस्तेमाल करता था। हरे रंग की चमकीली पट्टियां भी बरामद की गई हैं, जिनको नोट में हरी पट्टी डालने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। तीन लकड़ी के सांचे बरामद हुए हैं, जिनको नोटों पर महात्मा गांधी की फोटो, आरबीआई जैसे लिखने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। साथ ही एक प्रेस, एक ड्राअर और अन्य सामान मिला है। कमरे से 1.10 लाख रुपये की जाली करंसी भी बरामद हुई है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी जाली करंसी का एक केस दर्ज
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जाली करंसी का ही एक मुकदमा पहले ही पटियाला के थाना कोतवाली में दर्ज है, जो साल 2014 का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक वेब सीरीज देखकर जाली करंसी बनाना सीखा है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ जारी है। पता लगाया जा रहा है कि वह जाली नोट कहां-कहां इस्तेमाल करता था। जल्द ही उसे अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा।