वहीं, एडीसीपी सिटी-1 डॉ. मेहताब सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त तस्कर हेरोइन की खेप लेने श्री दरबार साहिब के निकट स्थित मोची बाजार में मौजूद हैं। इसके आधार पर ही एसीपी सेंट्रल सुरिंदर सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिव दर्शन के नेतृत्व वाली टीमों ने मोची बाजार में कार्रवाई की और तस्कर हरप्रीत सिंह को डेढ़ किलो हेरोइन और तीन लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ काबू किया।
डीसीपी हरप्रीत सिंह मंडेर ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस इससे पहले भी अमेरिका में बैठे तस्कर मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा द्वारा संचालित तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चुकी है। इस्लामाबाद थाने की पुलिस ने उक्त मामले में सात पिस्तौल, 22.5 किलो हेरोइन, 23 लाख रुपये की ड्रग मनी, ड्रोन के स्पेयर पार्ट्स और रिमोट बरामद किया है।
20 ग्राम हेरोइन और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ एक गिरफ्तार
उधर, गुरदासपुर जिले की थाना सिटी पुलिस ने कासो अभियान के तहत एक आरोपी को हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ के एएसआई सतपाल पुलिस पार्टी के साथ अभियान के तहत गंदा नाला मेहर चंद रोड पर मौजूद थे। इस दौरान हरी दरबार कॉलोनी की तरफ से आ रहे आरोपी को लखबीर मसीह निवासी नवां लित्तर को संदेह के आधार पर रोका गया। थाना सिटी से पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई सलिंदर सिंह ने आरोपी की तलाशी ली तो उससे बरामद लिफाफे में 20 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन, कंप्यूटर कांटा और 10 हजार 300 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।