एक एनआरआई युवक ने अपनी ही खुदकुशी का वीडियो बनाया है। यह वीडियो आत्महत्या के तीन माह बाद सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। ऐसे में अब परिवार के सदस्य पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल करने जा रहे हैं।
सेक्टर-15 निवासी वकील दीपा दूबे ने इसकी पुष्टि की है। यह खुदकुशी का वीडियो सेक्टर-44 में एक कमरे का है, जहां पर मृतक गुरसिमरन (18) पीजी में तीन दोस्तों के साथ रहता था, लेकिन घटना के समय कोई भी युवक मौजूद नहीं था।
दोस्त से वीडियो यू ट्यूब पर डालने को कहा
मामला तीन मई 2014 का है। पुलिस को गुरसिमरन के मोबाइल फोन से तीन वीडियो क्लीपिंग मिली हैं। इसमें से एक में उसने खुदकुशी करने के लिए अपने दोस्त जग्गा से माफी मांगी है।
साथ ही जग्गा को उसकी खुदकुशी का वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड करने को कहा है। दूसरी क्लीपिंग में उसने अपनी इटली में एक महिला दोस्त का नाम लेते हुए उससे भी माफी मांगी है।
इसमें उसने ‘लव यू आल’ भी कहा है। म्यूजिक सुनते-सुनते गुरसिमरन ने खुदकुशी की।
12वीं की पढ़ाई करने आया था इंडिया
गुरसिमरन इटली से चंडीगढ़ 12वीं की पढ़ाई करने आया था। आगे की पढ़ाई वह कनाडा से करना चाहता था। चंडीगढ़ में वह दोस्तों के साथ आइलाइट्स की कोचिंग ले रहा था। उसका परिवार इटली में रहता है। दो बहने हैं।
एक ने पीयू से एमएससी की है, जबकि बड़ी बहन इटली में रहती है। गुरसिमरन के पिता विक्रमजीत पंजाब आए हुए थे। पिता ने गुरसिमरन को चार मई को पीजीआई में मिलने के लिए कहा था।
पीजीआई पहुंचने पर उन्होंने गुरसिमरन को फोन किया तो उसने नहीं उठाया। इस पर वह उसके पीजी पहुंच गए, वहां दरवाजा बंद था। खिड़की से देखने पर गुरसिमरन फंदे से लटका हुआ दिखा।
गुरसिमरन के मोबाइल को खंगालने पर उसमें एक एएसआई का नंबर मिला है, जो कि सेक्टर-34 पुलिस थाने में तैनात है। घटना से दो दिन पहले एएसआई ने गुरसिमरन को फोन किया है। गुरसिमरन की मौत की सूचना जब पुलिस को दी गई तो वहीं एएसआई घटनास्थल पर पहुंचा था। गुरसिमरन के फोन से सेक्टर-22 निवासी एक महिला की अश्लील तस्वीरें भी मिली हैं।
परिवार वाले खुदकुशी पर उठा रहे सवाल
- 3 मई की रात 10:30 बजे गुरसिमरन की बहन रोजी से फोन पर बात हुई। परिवार का कहना है कि गुरसिमरन से बातचीत के दौरान एक पल के लिए भी नहीं लगा कि उसे कोई टेंशन है।
- क्लीपिंग में कमरे की लाइट चल रही है, लेकिन सुबह जब पिता पीजी में पहुंचे तो लाइट बंद थी।
- क्लीपिंग में लैपटॉप पर गाने की आवाज आ रही है, लेकिन जैसे ही गुरसिमरन की अंतिम सांस निकलती है तभी गाना भी बंद हो जाता है। जो गाना चल रहा था वह 4 मिनट 22 सैकेंड का था, जबकि दो मिनट में ही गाना समाप्त हो जाता है।
- पीजी में रहने वाले युवक एक दिन पहले ही क्यों गांव गए।
- गुरसिमरन की सोने की चेन, पर्स और पासपोर्ट गायब है। कमरे से पांच हजार रुपये एक खाते में जमा करवाने की रसीद मिली है।
वकील दीपा दूबे के मुताबिक युवक की खुदकुशी का कोई कारण स्पष्ट नहीं है। ऐसे में परिवार को शक है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। इस मामले पर अगले सप्ताह हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी।