दो रोज पूर्व जहर निगलने वाली दुष्कर्म पीड़िता ने पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला ने आरोपी युवक पर डरा-धमकाकर केस में कार्रवाई नहीं कराने के एफिडेविट पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला भी दर्ज किया। महिला की मौत के बाद युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है।
दो दिन पहले 29 जून को दोपहर बाद खरक चौकी क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म पीड़ित महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। महिला ने इमरजेंसी में पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की शिकायत सदर थाना में की गई। पुलिस ने 15 जून को युवक मंजीत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया।
महिला ने बताया कि 29 की सुबह उसके पास वकील ने फोन किया कि डीसी के समक्ष पेश होना है। इसके चलते वह कोर्ट पहुंची। कोर्ट में आरोपी युवक ने उसे डराया-धमकाया और उस पर ही कार्रवाई करने की धमकी देकर शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए। शपथ पत्र में लिखा था कि वह इस केस में कार्रवाई नहीं करवाना चाहती। इसके बाद वह परेशान घर लौटी।