शादी को चार दिन ही हुए थे कि ससुराली हैवान बन गए। उन्होंने बहू को वो खौफनाक सजा दी कि देखने वालों की रूह कांप जाए। संगरूर जिले के गांव दितूपुर में एक नवविवाहिता को उसके ससुराल परिवार वालों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बुरी तरह से आग में झुलसी महिला चंडीगढ़ के अस्पताल में उपचारधीन है।
पुलिस ने ससुराल परिवार के चार सदस्यों खिलाफ मामला दर्ज किया है। चंडीगढ़ के 32 सेक्टर में स्थित अस्पताल में उपचारधीन रजीना उर्फ मरजीना पुत्री मरहूम बशीर खान निवासी पन्नवां ने मोहाली पुलिस के पास बयान दर्ज करवाए कि इसी महीने चार अगस्त को उसक विवाह भवानीगढ़ के नजदीकी गांव दितूपुर में युसूफ खान के साथ हुआ था। विवाह के अगले दिन ही ससुराल परिवार ने उसे दहेज कम लाने के लिए तंग परेशान करना शुरू कर दिया।
सात अगस्त को उससे बुरी तरह मारपीट की और आठ अगस्त को उसकी सास भोली ने उसे मारने की नीयत से उसपर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। एसआई हरजीत सिंह ने पीडित महिला के बयानों पर उसकी सास भोली, पति युसूफ खान, देवर अलीशेर खान और देवरानी सलामत बेगम के खिलाफ विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।