रायपुररानी के गांव गढ़ी कोटाहा में सोमवार रात शादी समारोह के दौरान डीजे की धुन पर सड़क किनारे नाच रहे दूल्हे के भांजा-भांजी को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि दूल्हे का भांजा साहिल टक्कर लगने के बाद काफी ऊंचाई तक उछलकर गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना के समय तक शादी की रस्म लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन यह हादसा सभी को मातम दे गया।
रायपुररानी के गांव गढ़ी कोटाहा में यमुनानगर के कलना माजरा गांव से बारात आई थी। शादी के दौरान डीजे पर सभी नाच रहे थे। दूल्हे का भांजा सात वर्षीय साहिल और आठ वर्षीय भांजी वंदना भी सड़क किनारे डांस कर रही थी।
सभी डांस करने में मशगूल थे। तभी एक तेज रफ्तार कार आई और दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद साहिल दूर जाकर गिरा, जबकि वंदना को कार ने 100 मीटर तक घसीटा।
इस घटना के बाद जब तक लोग कुछ समझ पाते, कार चालक कार सहित फरार हो गया। इसलिए लोग नंबर भी नोट नहीं कर सके।
लोगों ने दोनों बच्चों को रायपुररानी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां साहिल की मौत हो गई, जबकि वंदना अब भी उपचाराधीन है।
कार चालक का सुराग नहीं
रायपुररानी के एसएचओ प्रीतम सिंह ने कहा कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में यह भी तफ्तीश की गई कि यह कार किसकी थी, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।