उत्तराखंड के गढ़वाल जिले से लुधियाना में आए युवक की यहां के होटल में गला दबा कर हत्या कर दी गई। घटना का पता उस समय चला जब होटल मुलाजिम उन्हें जगाने के लिए आया।
दरवाजा खुला देख वह अंदर गया तो अंदर युवक का शव पड़ा था और उसके साथ रहने आई युवती गायब थी। सूचना मिलते ही एसीपी पश्चिमी रविंदर पाल सिंह संधू, थाना डिविजन पांच की पुलिस व चौकी कोचर मार्केट की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांच के बाद गढ़वाल के रहने वाले प्रकाश (20) का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रकाश के साथ आई युवती और उन्हें कमरा दिलाने वाले की तलाश में पुलिस जुटी है।
खुद को पति पत्नी बताकर कमरा लिया था
एसीपी पश्चिमी रविंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि प्रकाश वीरवार रात करीब नौ बजे एक युवती के साथ लुधियाना पहुंचा। उसने बस स्टैंड के पास होटल में कमरा ढूंढना शुरू किया।
इसी दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति के साथ हुई जिसने उन्हें कमरा दिलाने की बात कही। दोनों ही उक्त व्यक्ति के साथ बस स्टैंड के नजदीक होटल में पहुंचे।
दोनों ने खुद को पति पत्नी बता कर सुबह तक के लिए कमरे की मांग की। जब होटल मुलाजिम उन्हें सुबह सात बजे जगाने के लिए गया तो अंदर प्रकाश का शव पड़ा था और युवती गायब थी।
आखिर कौन थी साथ आने वाली युवती?
एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस जांच करने में जुटी हुई है कि प्रकाश के साथ रहने आई युवती कौन थी। उसकी पत्नी थी या फिर कोई ओर। यह सब जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों से भी पता लगाने में जुटी हुई है कि प्रकाश के साथ आई युवती दिखती कैसी थी। जल्द ही मामले को हल कर लिया जाएगा।