एक फौजी ने अपने परिवार वालों के साथ मिल दहेज की खातिर अपनी पत्नी की पिटाई की और बाद में गला दबा कर उसे मौत घाट उतार दिया।
वारदात पंजाब के लुधियाना में डेहलों के गांव किला रायपुर में घटी। हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद विवाहिता के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। थाना डेहलों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक हरदीप कौर (37) के भाई ढंढारी कलां स्थित गांव चक्कीवाल निवासी सुखदर्शन सिंह की शिकायत पर किला रायपुर निवासी फौजी जसविंदर सिंह, उसके पिता किशन सिंह, मां कंतो, देवर जीता और कुलदीप कौर के खिलाफ हत्या व धमकियां देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जसविंदर सिंह, उसके पिता व मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों आरोपी फरार हैं।