गांव खुखराना अड्डे के पास शनिवार को दो युवकों ने डेरा बाबा फरीद प्रमुख संत पारस मणि की गोली मार कर हत्या कर दी। दोनों युवक दवा लेने के बहाने डेरे में आए और संत पारस मणि पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल संत पारसमणि को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
जालंधर के गांव लंबा डेरा के निवासी संत पारस मणि (35) पूर्णिमा के दिन डेरा बाबा फरीद में आते थे। यह भी पता लगा है कि वे लोगों को शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं भी देते थे। शनिवार शाम लगभग 6 बजे वे अपने कमरे में लोगों को दवाएं दे रहे थे।
इस दौरान दो नौजवानों ने प्रबंधकों से दवा लेने के लिए पहले पर्ची बनवाई और उनके कमरे में जा कर एक युवक ने रिवॉल्वर निकाल ली। उसने संत पारस मणि पर दो गोलियां दागी। इनमें से एक गोली कनपटी और दूसरी छाती में लगी। गोली की आवाज सुनकर भगदड़ मच गई।
दोनों हमलावर पहरेदार को धक्का देकर डेरे से भाग निकले और फिर मोगा-फिरोजपुर मार्ग स्थित गांव खुखराना अड्डे के पास रखी बाइक पर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख गुरसरन सिंह संधू और सीनियर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।