देर रात इंडस्ट्रियल एरिया फेज1 स्थित प्लाट नंबर 251 स्थित ओएसिस डिस्टिलरी के एक कमरे में कंपनी के इलेक्ट्रीशियन का लहूलुहान शव मिला। उसकी हत्या लोहे के किसी औजार से सिर पर वार कर की गई। मामले में पुलिस को हत्या का शक मृतक के साथ उसी कंपनी में काम करने वाले दो युवकों पर है। दोनोंफरार हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 1.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली की प्लाट नंबर 251, ओएसिस डिस्टिलरी के एक कमरे में कंपनी के कर्मचारी शाहाबाद निवासी अमरजीत सिंह (45) का लहूलुहान शव पड़ा है। ओएसिस डिस्टिलरी में शराब की बोतलों की पैकेजिंग व लेबल लगाने का काम होता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जीएमसीएच 32 ले जाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
हत्या की सूचना पाकर मौकेपर एसपी सिटी नवदीप बराड़, डीएसपी सतीश कुमार और एरिया एसएचओ दविंदर सिंह भी पहुंचे। एसपी ने बताया कि चौकीदार कृष्णदेव ने बताया कि अमरजीत के पास रात को करीब 8 बजे कंपनी के कर्मचारी मनीकांत (27)और विशाल (28) आए थे। रात को करीब 10 बजे दोनों बाहर निकलते हुए वहां कि चाबी दे गए थे और कहा था कि अमरजीत जा चुका है। जिसके बाद चौकीदार वहीं पर चाबी जमा कर छुट्टी कर निकल गया था।