खमाणो इलाके के गांव चंडियाला में एक पति ने नाजायज संबंधों के शक में अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस काम में मृतका के भाई ने अपने जीजा का साथ दिया।
बाद में दोनों ने महिला की लाश को रोपड़ नहर में फेंक दिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना 24 जुलाई की है। पत्नी के परिजनों की शिकायत पर रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया।
24 जुलाई को की थी हत्या, दोनों गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार रमनजीत सिंह को पिछले काफी समय से अपनी पत्नी मनधीर कौर मोना के किसी के साथ संबंध होने का शक था और उसने इस बारे पत्नी के परिवार वालों को भी अवगत कराया था।
कोई हल निकलता न देख रमनजीत सिंह ने अपने साले जगमोहन सिंह के साथ 24 जुलाई की रात अपनी पत्नी की हत्या कर दी और लाश को रोपड़ नहर में फेंक दिया। जैसे ही इसकी सूचना पत्नी के परिवार वालों को लगी तो उन्होंने खमाणो पुलिस को इसकी सूचना दी।
नाजायज संबंधों के शक में की वारदात
खमाणो थाना के एसएचओ मोहम्मद शकील ने बताया कि हत्या के आरोपी पति रमनजीत सिंह और उसके साले जगमोहन सिंह को 3 अगस्त को काबू कर लिया गया है जबकि मृतका मोना के शव की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी पति और उसके साले पर धारा-302, 201, 34 आईपीसी के अंतर्गत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया। मृतका की एक तीन साल की बेटी और दो साल का बेटा है।