प्रतिष्ठित स्कूल के छात्रों को अमेरिका में नासा का टूर लगवाने के नाम पर एक ट्रेवल एजेंट ने छात्रों से करीब चार करोड़ रुपये ठग लिए। मामला पंजाब के लुधियाना का है। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के परिजनों से बात कर रुपये मंगवाए थे। अब परिजन स्कूल की मिलीभगत का आरोप लगा रहे है। चार महीने बीत जाने के बावजूद बच्चों के परिजनों को न तो पैसे मिले और न ही वीजा लगवाया गया।
इससे भड़के परिजन पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह से मिलने के लिए पहुंचे। परिजनों ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दी। पुलिस कमिश्नर ने इस मामले की जांच के लिए एडीसीपी सुरिंदर लांबा की ड्यूटी लगाई है। पुलिस कमिश्नर दफ्तर मिलने पहुंचे परिजनों ने बताया कि चार महीने पहले स्कूल प्रबंधन की तरफ से एक एजेंट हायर किया गया था।
छात्रों के परिजनों से बात कर उन्हें बताया गया था कि बच्चों को अमेरिका के नासा में टूर के लिए जाना है। जिसके लिए एक बच्चे का 2.80 लाख रुपये का खर्च आएगा। इस पर 148 बच्चों के परिजन मान गए और उन्होंने स्कूल प्रबंधन को एजेंट के नाम के ड्राफ्ट और कुछ कैश दे दिया।