आठ माह पूर्व आकाश का विवाह विशनपुर जागीर बिलासपुर (यूपी) निवासी बबली (22) से हुआ था। करीब 15 दिन पहले आकाश बबली को अपने साथ ट्रांजिट कैंप ले आया। इस दौरान बबली छह माह की गर्भवती थी।
आकाश के अनुसार चार दिन पहले बबली के एक रिश्तेदार का उसके पास फोन आया, जिसमें रिश्तेदार ने बबली के साथ अवैध संबंध होने की बात कही। इसी बात को लेकर आकाश और बबली के बीच रोजाना झगड़ा होने लगा। शनिवार सुबह भी बबली के पास रिश्तेदार का फोन आने पर आकाश और बबली के बीच विवाद शुरू हो गया।
कुछ ही देर में विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। गुस्से में बबली ने पास ही रखे चाकू से आकाश पर हमला कर दिया, इससे तैश में आए आकाश ने बबली का गला दबा दिया। बबली के अचेत होने पर आकाश ने अपनी मकान मालकिन को सूचना दी कि बबली ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया है।
सूचना पर पहुंची मकान मालकिन पड़ोसियों की मदद से बबली और आकाश को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बबली को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी क्राइम प्रमोद कुमार और सीओ सिटी हिमांशु शाह ने भी आकाश से पूछताछ की। मृतका चार भाई और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। देर शाम पुलिस ने मृतका के भाई अजय कुमार की तहरीर पर आकाश, ससुर बाबूराम, देवर विकास, ननद आरती, बहनोई पदम और सास राजवती के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया।
आकाश का कहना है कि पत्नी ने उस पर चाकू से हमला किया, लेकिन जख्मों को लेकर पुलिस अंदेशा जाता रही है कि बबली को मौत के घाट उतारने के बाद आकाश ने खुद को घायल किया है। हालांकि आकाश का कहना है बबली के फोन में उसके अवैध संबंधों के साक्ष्य हैं। पुलिस बबली के मोबाइल की भी जांच कर रही है। बबली के मांग पर ही आकाश दो दिन पहले बाजार से चाकू खरीदकर लाया था।
दोनों को समझाकर गई थी आकाश की मां
आकाश के घरवालों को भी आकाश और बबली के बीच चल रहे झगड़े की जानकारी थी। इसके चलते बीते शुक्रवार आकाश के घर आई मां राजवती ने दोनों को समझाया था। गर्भवती होने के कारण मां ने बबली को अपने साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन बबली ने कुछ दिन बाद खुद ही आने की बात सास से कही थी। इसके बाद राजवती अपने घर चली गई।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गर्भवती की हत्या हुई है। मृतका के पति का कहना है कि पत्नी ने उसे पर हमला किया तो उसने पत्नी का गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक का इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रमोद कुमार, एसपी क्राइम