क्या कभी चोरी की है...? क्या कभी झूठ बोला है...? क्या आरोपी कुलदीप ने कंधे पर हाथ रखा था...? वीडियो अपने मोबाइल से बनवाया या बनाया...? बस में कथित मारपीट और छेड़छाड़ मामले में पीड़ित पक्ष दोनों बहनों आरती और पूजा से इस तरह के दर्जनभर सवाल पूछे गए।
सोमवार को दोनों बहनों का सीबीआई मुख्यालय की लैब में साढ़े तीन घंटे पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। बता दें कि मामले में तीनों आरोपी आसन निवासी कुलदीप, मोहित और दीपक का पहले ही पॉलीग्राफ टेस्ट हो चुका है।
इससे पहले, सोमवार सुबह एसआईटी सदस्य इंस्पेक्टर गरिमा व परिजनों के साथ दोनों बहनें दिल्ली में लोधी रोड स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंची। टेस्ट से पहले पूजा से 20 और आरती से 40 मिनट तक अलग-अलग पूछताछ की गई।
दोनों से 28 नवंबर को बस में हुए पूरे मामले के बारे में जानकारी ली। पूछताछ 12 बजे तक चली। 2 बजे से दोनों बहनों का पॉलीग्राफ टेस्ट शुरू हुआ। पूजा से दो घंटे और आरती से डेढ़ घंटे पूछताछ चली।