बस में कथित छेड़छाड़ और मारपीट मामले में दो आरोपियों कुलदीप और मोहित का बृहस्पतिवार को पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। दिल्ली के लोधी मार्ग स्थित सीबीआई की फोरेंसिक लैब में 11 बजे से शाम 5 बजे तक 6 घंटे टेस्ट चला।
तीसरे आरोपी दीपक का शुक्रवार को टेस्ट होगा। दोनों बहनों पूजा और आरती ने टेस्ट कराए जाने की अदालत में अर्जी लगाई थी। अदालत की अनुमति पर आरोपियों का टेस्ट कराया गया। दोनों बहनों का कहना है कि वे भी इसके लिए तैयार हैं। 22 दिसंबर को उन दोनों का भी पॉलीग्राफ टेस्ट हो सकता है।
इससे पहले, एसआईटी प्रभारी डीएसपी यशपाल सिंह ने आरोपी पक्ष को बुधवार शाम नोटिस जारी कर बृहस्पतिवार को टेस्ट के लिए तलब किया था। डीएसपी के अलावा आरोपियों के परिजन और पूर्व सरपंच रामचंद्र भी साथ गए थे। एक्सपर्ट ने एक-एक आरोपी का अलग-अलग टेस्ट किया। बचाव पक्ष के वकील संदीप राठी ने बताया कि दीपक का टेस्ट शुक्रवार को होगा।