पंजाबी गायक जरनैल सिंह उर्फ जैली और उसके साथियों पर चंडीगढ़ की मॉडल से दुराचार का मामला राष्ट्रीय महिला आयोग पहुंच गया है। आयोग ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए राज्य के डीजीपी से केस की रिपोर्ट मांगी है।
बहुचर्चित मॉडल रेप केस में पंजाबी गायक जरनैल सिंह जैली के अलावा उसके साथी मनिंदर सिंह मंगा, स्वर्ण सिंह और चरणप्रीत सिंह आरोपी हैं। पीड़िता ने महिला आयोग की दी शिकायत में बताया कि वह एक टीवी कलाकार है।
जीविका चलाने के लिए उसने गायकी की ओर जाना चाहा था। इस बीच उसकी मुलाकात गायक कुलविंदर बिल्ला की शादी में आरोपी जैली से हुई।
जैली ने उसे बताया कि उसका दोस्त बहुत अच्छा सिंगिंग ट्रेनर है। आरोप है कि गायकी सिखाने के बहाने वह उसे सेक्टर-57 के एक फ्लैट पर ले गया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ रेप किया।
पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करते हुए उसका नाम मीडिया में सार्वजनिक कर दिया है।
वहीं मोहाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की बजाय इस केस की री-इंक्वायरी रख दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पुलिस से सांठगांठ की है। गौतरलब है कि पंजाबी सिंगर जरनैल सिंह उर्फ जैली के खिलाफ पीड़िता ने गैंगरेप, गर्भपात व ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस किया है। आयोग ने डीजीपी से आरोपियों पर 15 दिन में कार्रवाई करने को कहा है। मीडिया में रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया को भी नोटिस भेजा है।