करीब 26 वर्षीय एक युवती के साथ दोस्ती करने के बाद उसे झांसे में लेकर नशीली दवाई पिलाई और दुष्कर्म किया। साथ ही युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया। आरोपी युवती को ब्लैकमेल कर उसका फायदा उठाता रहा। यही नहीं जब बात बढ़ती नजर आई तो आरोपी ने अपने एक साथी सहित युवती को जहरीली दवाई तक पिला दी, ताकि किस्सा ही खत्म हो जाए। लेकिन किस्मत ने साथ दिया और युवती की जान बच गई।
पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी थाना कोटइसे खां की महिला एएसआई परमजीत कौर के अनुसार युवती ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि करीब दो साल पहले कुलविंदर सिंह निवासी गांव लोहारा के साथ उसकी दोस्ती हुई थी। इस दौरान आरोपी उसे झांसे में लेकर अपने साथ एक होटल में ले गया और वहां पर उसे कोई नशीली चीज पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो से आरोपी उसे काफी समय तक ब्लैकमेल करता रहा।
युवती के अनुसार 17 सितंबर के दिन वह गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर घर लौट रही थी। रास्ते में आरोपी कुलविंदर सिंह अपने एक अज्ञात साथी के साथ वहां पहुंच गया और दोनों ने जबरन उसे कोई जहरीली दवा पिला दी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर आरोपी कुलविंदर सिंह समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी के अनुसार अभी आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।