पंजाब के मुक्तसर में ससुरालवालों से परेशान विवाहिता ने राजस्थान फीडर में छलांग लगा कर जान दे दी। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव चक्क शेरेवाला निवासी मनजीत कौर पत्नी गुरबचन सिंह ने बताया कि उसकी बेटी गगनदीप कौर ने छह वर्ष पहले गांव में ही राजबिंदर सिंह उर्फ काली पुत्र गुरमीत सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के छह वर्ष बाद भी बेटी मनजीत कौर के घर औलाद न होने पर ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। उसे ताने मारते थे और मारपीट करते।
बीती 28 फरवरी को उनकी बेटी ससुराल वालों से जान बचाकर अपनी मौसी के घर कोटली रोड मुक्तसर आ गई। 29 फरवरी को गगनदीप कौर ससुरालवालों से परेशान होकर गांव थांदेवाला से गुजरने वाली राजस्थान फीडर में छलांग लगा कर जान दे दी।
एएसआई बलवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद मृतका के पति राजबिंदर सिंह, ससुर गुरमीत सिंह, सास पाल कौर व तरसेम सिंह उर्फ सेमी निवासी चक्क शेरेवाला के खिलाफ धारा 306 आइपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं।