पंजाब के बंबीहा गैंग से जुड़े मंदीप मनाली की फिलीपींस में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वह मोगा के गांव लोपो का निवासी था। उसकी हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ व लॉरेंस बिश्नोई के साथियों ने ली है। हालांकि पंजाब पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी हत्या उसके विरोधी गुट ने की है या वह स्थानीय माफिया का शिकार हुआ है।
मंदीप फिलीपींस में रहकर दविंदर बंबीहा गैंग को संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ साल 2020 में मोगा में ही आपराधिक मामला दर्ज हुआ था। मनदीप की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा हैं कि इसे गोल्डी बराड़ गैंग ने जारी किया है। इस ऑडियो में आवाज सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल फरार शूटर दीपक मुंडी की बताई जा रही है। उसने चेतावनी दी है कि जो हश्र मूसेवाला का हुआ, उसी तरह से बंबीहा ग्रुप के सभी साथियों का सफाया करेंगे।
इससे पहले बंबीहा गैंग ने बुधवार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, गोल्डी बराड़ और पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को धमकी दी थी। इस धमकी को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से साझा किया था। पोस्ट में गैंग ने कहा कि कितना भी वक्त लगे, हम तुम सबको मार डालेंगे। इस पोस्ट में बताया गया था कि दविंदर बंबिहा गैंग का पिछला अकाउंट बंद कर दिया गया था और ये नया पेज है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि बिश्नोई, भगवानपुरिया और बराड़ की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।