चोरी के आरोप में भीड़ ने शख्स को किया गंजा
- फोटो : अमर उजाला
एक शख्स को लोगों के तुगलकी फैसले का सामना करना पड़ा। भीड़ की सोच तालिबानी हो गई और खुद इंसाफ करने लगे। जालंधर के सबसे मश्हूर रैणक बाजार में कथिततौर पर चोरी के एक आरोपी का लोगों ने ऐसा हश्र किया, जिसे कहीं से भी जायज़ ठहराना सही नही होगा। स्थानीय रैणक बाजार स्थित टिक्की वाला चौक में शुक्रवार सुबह दुकान के बाहर खड़ी साइकिल चुराकर भाग रहे व्यक्ति को लोगों ने पकड़कर आधे सिर को मुंडवा दिया। हालांकि वहां से कुछ ही दूरी पर थाना था, जब तक पुलिस पहुंचती आरोपी पर लोग खुद ही उसे सजा सुना चुके थे।
अजीत नगर निवासी लाली ने बताया कि उसे नशे की लत लगी है। इसको पूरा करने के लिए वह इस तरह भीड़ वाले स्थानों से साइकिल चुराकर 500 रुपये में बेच देता है। दुकानदारों ने पहले आरोपी को काबू किया। फिर उसको बांधकर उसके गले में तख्ती लटका दी। इस पर लिखा हुआ था कि मैं चोर हूं। इसके बाद उसको बाजार में घुमाया गया। हालांकि इस बारे में 100 नंबर पर तत्काल सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। आसपास के दुकानदारों ने उसके सिर के बाल काटकर आधा गंजा कर दिया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थाना चार के एसएचओ बलवीर सिंह का कहना था कि आरोपी को थाना तीन की पुलिस को दिया गया है। थाना तीन के एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने बताया कि यह इलाका उनका नहीं है, चोर उनके पास नहीं थाना चार के पास ही है।