सोमवार को पैड लगे होने के कारण कपूरथला की तामीली ब्रांच में तैनात एएसआई हरदेव सिंह को अपनी कार निकालने में परेशानी हुई। इसको लेकर जसबीर सिंह और हरदेव सिंह के बीच बहस हो गई। उस समय तो मामला रफा-दफा हो गया। मंगलवार शाम चार बजे फिर से गाड़ी निकालने को लेकर हरदेव सिंह व जसबीर सिंह में तकरार शुरू हो गई और दोनों के बीच तल्खी इतनी बढ़ गई कि एएसआई घर जाकर अपनी राइफल उठा लाया और आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
दो गोली लगने से जसबीर सिंह की मौत हो गई। मृतक की भाभी ने बताया कि सोमवार को भी पैड को लेकर हरदेव सिंह से बहस हुई थी फिर जसबीर सिंह ने पैड हटा भी ली लेकिन उसने जान-बूझकर तीन बार कार गली से निकाली और गाली-गलौच किया। उन्होंने आरोपी को नौकरी से निकालने और उचित कार्रवाई की मांग की।
एसएचओ राजिंदर सिंह के अनुसार जख्मी हालत में जसबीर सिंह को सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख कपूरथला रेफर कर दिया लेकिन उसकी कपूरथला पहुंचते ही मौत हो गई।
एसएचओ के अनुसार आरोपी पुलिसकर्मी घटना को अंजाम देने के बाद घर से फरार हो गया है। आरोपी जाते वक्त अपने ही घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर साथ ले गया है। एसएचओ के अनुसार आरोपी के खिलाफ मृतक के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज किया जा रहा है। उधर, सिविल अस्पताल कपूरथला में मृतक का शव पहुंचने के बाद एसपी (देहात) जगजीत सिंह सरोआ भारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।