स्टाफ ने बालकनी पर लेटे कुलदीप का सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
होटल मालिक निपुण मित्तल और स्टाफ गुरबचन ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब एक बजे कुलदीप शर्मा आए और सीधा छत पर चले गए। छत पर जाने के बाद उन्होंने टॉप पर बने कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी और बालकनी पर लेट गए। दो दिन पहले भी वह इसी तरह बालकनी पर लेट गए थे। वहां करीब पौना घंटा ड्रामा किया था। इसके बाद उनकी पत्नी और बेटे को बुलाकर उन्हें समझा बुझाकर घर भेज दिया गया था।
सोमवार को पता ही नहीं लगा कि वह कब ऊपर गए और कुंडी लगा ली। इसके बाद कमरे में मौजूद गुरबचन ने देखा कि कुलदीप शर्मा आज फिर से बालकनी पर लेट गए हैं। इसका उन्होंने वीडियो बनाया और नीचे उतरने को कहा। जब वह नीचे नहीं उतरे तो गुरबचन निपुण को बुलाने चला गया। बस इतनी देर में कुलदीप शर्मा ऊपर से नीचे कूद गए। उन्होंने पुलिस व परिजनों को इसकी जानकारी दी। निपुण मित्तल ने बताया कि मृतक उनके दूसरे पार्टनर राकेश गौर का ताऊ है और अक्सर यहां आता-जाता रहता था। उन्होंने बताया कि मृतक उनका पार्टनर भी रहा है लेकिन एक साल पहले उन्होंने अपनी पार्टनरशिप खत्म कर ली थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया था और पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक की पत्नी के बयान पर धारा-174 की कार्रवाई की गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। - दीपिंदर सिंह बराड़, एसएचओ थाना ढकोली।