पावन नगरी सुल्तानपुर लोधी में बेखौफ अपराधियों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब किरयाना थोक के व्यापारी को पिस्तौल के बल पर लूटने का मामला सामने आया है।
भारामल मंदिर रोड पर सोमवार की रात करीब पौने दस बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर स्कूटर सवार व्यापारी से 50 हजार रुपये लूट लिए। साथ ही पिस्तौल की बट मारकर घायल कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है।
भाजपा नेता यशपाल जैन निवासी मोहल्ला नसीरपुरियां के बेटे भाविक जैन का किरयाना का थोक कारोबार है। भाविक सोमवार की रात लगभग पौने दस बजे शहर की दुकानों से कलेक्शन करते हुए घर लौट रहा था। भारामल मंदिर रोड की तरफ मुड़ने पर दो युवकों ने उसे रास्ता पूछने के बहाने रोका और पिस्तौल दिखाकर घेर लिया।
दोनों बदमाश भाविक को धमकाते हुए उससे कैश छीनने की कोशिश करने लगे। इसी बीच बैग गिर गया और नकदी सड़क पर बिखर गई। इसके बाद बदमाशों ने पिस्तौल की बट भाविक के सिर पर मार कर उसे घायल कर दिया और सड़क पर गिरी नकदी समेट कर फरार हो गए।
बदमाशों ने धमकी भी दी कि पीछा करने की कोशिश मत करना वरना गोली मार देंगे। पीड़ित स्थानीय सिविल अस्पताल में दाखिल है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सरवन सिंह और थाना प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।