शोरशराबे के बाद यात्रियों ने असली टीटी को ढूंढकर मौके पर बुलाया। पीड़ित गीता ने बताया कि एस टू, एस फोर, एस सिक्स, एस नाइन व एस इलेवन में यात्रियों के साथ लूटपाट हुई है। लुटेरे यात्रियों का लाखों रुपये का सामान, मोबाइल फोन, ज्वेलरी आदि उड़ा ले गए हैं। ट्रेन शुक्रवार सुबह एक घंटे की देरी से जब साढ़े सात बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो पांच यात्रियों ने चोरी की रिपोर्ट चंडीगढ़ के जीआरपी थाने में दर्ज करवाई।
इनमें वह भी शामिल हैं। गीता का कहना है कि ट्रेन में करीब 40 यात्रियों से लूटपाट हुई है। चंडीगढ़ जीआरपी थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेया ऐश्वर्या का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड सहित सात हजार रुपये कैश लूटा गया है।
वहीं ट्रेन की दूसरी यात्री धारण का एक मोबाइल फोन, एक हजार रुपये कैश, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज चोर उड़ा ले गए हैं जबकि रेल यात्री गीता के पति चेतन सूद का दो मोबाइल फोन, एक हजार रुपये कैश व गीता का एक मंगलसूत्र लूटा गया है। इसके अलावा रेल यात्री योगेश के दो मोबाइल फोन, 2500 रुपये कैश सहित पांच तोले सोने की ज्वेलरी लूटी गई है।
पीड़ित गीता ने बताया एक यात्री के दो लाख नकद लूट ले गए लुटेरे
गीता ने बताया कि एक यात्री शादी के लिए किसी को दो लाख रुपये कैश देने के लिए ले जा रहा है, उसका भी कैश पर्स सहित लुटेरे उड़ा ले गए हैं। वहीं एक महिला के हाथों से सोने का कड़ा भी निकाला गया है। इसके अलावा कई यात्रियों के पर्स को लुटेरों ने खाली कर ट्रेन के शौचालय में फेंक दिया था।
मई 2018 में भी इसी ट्रेन में चोरी हुई थी
मई 2018 में भी इंदौर चंडीगढ़ एक्सप्रेस में एक चोर को चोरी की घटना को अंजाम देते हुए रेल यात्रियों ने रंगेहाथों पकड़ लिया था। इसके बाद चोर को चंडीगढ़ जीआरपी के हवाले किया गया था। उस समय जांच में पता चला था कि इस चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर नशे के लिए एक चोरों का गिरोह ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम देता है।