मजीठा रोड से सटे गोपाल मंदिर इलाके की एक व्यस्त गली में दो बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग तिलक राज (62) से 50 हजार की राशि छीन ली और फरार हो गए। तिलक राज यह राशि मजीठा रोड स्थित अपने बैंक से निकाल कर लाए थे। दोनों बाइक सवार बदमाश बैंक से ही उनके पीछे लगे थे।
तिलक राज घर का दरवाजा खोल रहे थे। इतने में एक बदमाश बाइक से उतर कर तिलक राज के पास आया और गर्दन से पकड़ कर उन्हें नीचे गिरा दिया। आरोपियों ने उन्हें तीन चार मुक्के भी मारे और उनसे पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
तिलक राज ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गए। वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिस बदमाश ने राशि छीनी, उसके हाथ में एक पिस्तौल भी दिख रही है। एसएचओ तरसेम सिंह के अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है।