जालंधर के युवक संजू की यूक्रेन में झील में डूबने से मौत हो गई। दो माह पहले ही संजू स्टडी वीजा पर यूक्रेन गया था, जहां उसका पैर फिसल गया और वह झील में डूब गया। उसका शव भारत लाने के लिए जालंधर के ट्रैवल एजेंट ने पांच लाख रुपये मांगे तो भड़के परिजनों ने ट्रैवल एजेंसी घेर ली।
उन्होंने कहा कि युवक का सही मेडिकल इंश्योरेंस नहीं किया गया था, जिस वजह से उसके शव को भारत लाने का खर्चा नहीं मिल रहा। मामला काफी बढ़ गया तो पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद ट्रैवल एजेंसी मालिक ने मदद का भरोसा दिया। माडल टाउन के रहने वाले बंटी ने बताया कि उनका छोटा भाई संजू सांई ओवरसीज के जरिये स्टडी वीजा पर यूक्रेन गया था।
वहां झील में डूबने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई का वहां सही इलाज नहीं हुआ। उसका मेडिकल इंश्योरेंस थोड़ा था, जब वो रुपये खत्म हो गए तो उसका इलाज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत कर दी और पुलिस उनके साथ ट्रैवल एजेंसी आ गई, मौके पर काफी तनावपूर्ण माहौल बन गया।
ट्रैवल एजेंसी मालिक पलविंदर सिंह ने कहा कि मेडिकल इंश्योरेंस में शव लाने का खर्चा शामिल नहीं होता। उन्होंने कहा कि यूक्रेन व भारत के दूतावास इस बाबत आपस में संपर्क कर रहे हैं और संजू का शव भारत लाने के लिए पूरी मदद करेंगे।