मेट्रो सिटी चौकी पर पुलिसकर्मियों से भिड़ती भीड़।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ महानगर थाना क्षेत्र में डेढ़ करोड़ की हीरे की अंगूठी की चोरी कुबूल कराने को लेकर युवक को पीटने के मामले में गुरुवार को मेट्रो सिटी चौकी प्रभारी और सिपाही को हटा दिया गया। वहीं, चौकी पर हमला करके पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ महानगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। अंगूठी चोरी के मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात पुलिस ने कही है।
महानगर थाना क्षेत्र के पुराना बाबा का पुरवा निवासी अरुण उर्फ लालू (26) मेट्रो सिटी के टावर नंबर 12 के फ्लैट नंबर 501 में रहने वाले बलवीर सहाय सक्सेना के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था। लालू को साढ़े तीन महीने पहले बलवीर ने नौकरी से निकाल दिया था।
आरोप है कि बुधवार को बलवीर ने लालू पर डेढ़ करोड़ रुपये की हीरे की अंगूठी चुराने का आरोप लगाकर मेट्रो सिटी पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। इस पर चौकी प्रभारी सुधाकर पांडेय व सिपाही नितिन शर्मा ने अंगूठी की चोरी कुबूल कराने को लेकर लालू को चौकी के भीतर बुरी तरह से पीटा था।
इसके विरोध में मोहल्ले वालों ने चौकी प्रभारी और सिपाही की पिटाई करके चौकी में तोड़फोड़ व पथराव किया था। कई थानों की फोर्स व पीएसी के पहुंचने पर स्थिति काबू में हुई थी। एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार को भी पुलिस चौकी और मेट्रो सिटी के गेट नंबर दो पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
महानगर इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि युवक की पिटाई के आरोप और लोगों के आक्रोश को देखते हुए उपनिरीक्षक सुधाकर पांडेय व सिपाही नितिन शर्मा को चौकी से हटा दिया गया है। दोनों को कोतवाली से संबद्ध किया गया है। वहीं, पुलिसकर्मियों पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा व पुलिस चौकी में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि हीरे की अंगूठी चोरी के मामले में तहरीर मिली है। छानबीन के बाद इस मामले में कार्रवाई होगी।