हरियाणा रोडवेज बस चालक की लापरवाही से बुधवार को आईटीआई स्टूडेंट का पैर कुचले जाने के बाद छात्रों ने अगले दिन वीरवार को पंचकूला बस स्टैंड के गेट पर हंगामा किया।
उन्होंने पांच बसों के साथ-साथ आरटीए की बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस ने जब शांत कराने की कोशिश की तो छात्रों ने पथराव शुरू कर दिए, जिससे सेक्टर-14 थाना के एसएचओ सुरेश कुमार और कुछ रोडवेज कर्मियों को भी चोटें आईं।
पुलिस ने दो दर्जन स्टूडेंट्स को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया। बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में ड्राइवर-कंडक्टर के अलावा दो अन्य युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
इससे पहले आईटीआई के छात्रों ने बुधवार को चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर भी करीब आधे घंटे का जाम लगाया था। वीरवार सुबह करीब 8.30 बजे सेक्टर-पांच बस स्टैंड के बाहर आईटीआई के छात्रों ने सड़क पर जाम लगाया।
पहले रोडवेज प्रबंधन ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और जब पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की तो पथराव कर दिया। साथ ही हरियाणा रोडवेज की बस 9971, 9985, 9922, 9975 और 9985 के शीशे और हेड लाइट्स को क्षतिग्रस्त कर दिया।
एक घंटे बाधित रही बस सेवा: हंगामे की वजह से बसों का आवागमन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान पंचकूला से विभिन्न रूटों की बसों को बस स्टैंड से बाहर नहीं जाने दिया गया। इस गतिरोध के बीच पुलिस ने सभी बस स्टॉप पर भी सतर्कता बढ़ा दी थी। विरोध प्रदर्शन के कारण सुबह पौने नौ से लेकर करीब 10 बजे तक यात्री परेशान रहे।