गुरु का सम्मान करना चाहिए, लेकिन आईटीआई के छात्र ने अपने ही प्रशिक्षक को मौत दे दी। जांच में पुलिस को कत्ल करने की वजह पता चली है। मामला हरियाणा के पानीपत का है। सफीदों के कंसाला गांव की आईटीआई के प्रशिक्षक की उसी के छात्र ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पानीपत के उरलाना गांव की बुटाना नहर में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर सफीदों पुलिस ने नहर से प्रशिक्षक का शव बरामद किया। आरोपी को कोर्ट में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी छात्र को प्रशिक्षक पर अपनी मां से अवैध संबंध होने का शक था। प्रशिक्षक छह जनवरी से लापता था। मामले में पुलिस ने छात्र की मां को भी हिरासत में लिया है।
जींद के गांव फुलिया कलां निवासी मनीष के बड़े भाई राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से अध्यापक है। उसका छोटा भाई मनीष (26) रोहतक के कंसाला गांव की आईटीआई में प्रशिक्षक था। उसकी जनवरी 2016 में नौकरी लगी थी। वह एक साल तक खरखौदा की आईटीआई में तैनात रहा। उसकी शादी नहीं हुई थी। इस समय वह रोहतक की एक कॉलोनी में किराये पर मकान लेकर रह रहा था।
छह जनवरी को वह आईटीआई गया था। वहां से तीन बजे निकल गया था। इसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ था। मोबाइल फोन से उसकी कॉल उसके चचेरे भाई सुरेश के पास डायवर्ट थी। छह जनवरी की रात एक महिला के कई बार उसके पास फोन आए। महिला बार-बार यह कहती कि अपने जूते और बैग ले जाओ।
सुबह सुरेश राजेंद्र के पास आया और बताया कि एक महिला के बार-बार उसके फोन पर कॉल आ रही है। मनीष की कॉल उसके फोन पर डायवर्ट है। इसके बाद उन्होंने रोहतक जाकर मनीष के कमरे पर पता किया तो पता चला कि वह दो दिन से लापता है।