खुड्डा अलीशेर के इंवेस्टर कृष्ण कुमार की मौत के मामले में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने हत्यारे को पकड़ने के बाद हत्या का मामला शनिवार को दर्ज कर लिया। पकड़े गए हत्यारे की पहचान बुडै़ल निवासी छात्र करण कुमार पवार के रूप में हुई। करण कुमार फिल्लौर स्थित एक इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर इंजीनियरिंग का डिप्लोमा कर रहा है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर इंवेस्टर की अल्टो गाड़ी को सेक्टर 34 की मार्केट से बरामद कर लिया। पूछताछ में करण ने बताया कि इंवेस्टर कृष्ण कुमार ने उससे तीन लाख रुपये दुगने करने के नाम पर लिए थे, लेकिन बाद में वह रुपये नहीं दे रहा था। इंवेस्टर ने छात्र को चेक भी दे रखे थे।
सेक्टर 17 थाना पुलिस मामले में करण से पूछताछ करने में लगी हुई है। पुलिस को इस पर शक उस समय हुआ जब जांच कर रही पुलिस टीम को अपने दो मोबाइल फोन में से सिर्फ एक के बारे में ही जानकारी दी। जबकि कृष्ण कुमार के फोन कॉल की डिटेल में एक अन्य संदिग्ध फोन से कई बार बात हुई थी। जांच में ये फोन करण का निकला।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
इवंस्टेर की हत्या मामले में पकड़े गए छात्र करण कुमार पवार ने पूछताछ में बताया कि 15 जुलाई की शाम को उसने इंवेस्टर को फोन कर कांसल गांव में मिलने के लिए बुलाया था। कृष्ण कुमार अपनी अल्टो गाड़ी लेकर कांसल पहुंचा। उसके बाद वह उसकी गाड़ी में बैठकर सेक्टर 23 में आ गए थे। रुपये के लेन देन को लेकर दोनों के बीच बहस हुई।
कृष्ण कुमार रुपये देने की बात बार-बार कह रहा था। सेक्टर 23/16 के नाले के पास आकर कृष्ण कुमार ने गाड़ी रोकी और बाहर आकर पुल के ऊपर खड़े हो गए। रुपये न देने के चलते छात्र करण ने पीछे से कृष्ण कुमार को धक्का मारकर नीचे नाले में फेंककर उसकी अल्टो गाड़ी लेकर फरार हो गया।
अगले दिन कृष्ण कुमार की हालत जानने के लिए उसने इंवेस्टर के घर फोन किया। आरोपी छात्र ने बेटी से पूछा कि उसके पिता कहा हैं वह मध्यप्रदेश से बोल रहा है। मीटिंग को लेकर बातचीत करनी है। इंवेस्टर की बेटी ने पिता के लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद वह घबरा गया था।
छात्र ने बताया कि आठ महीने पहले सेक्टर 44 के प्रापर्टी डीलर बलजीत सिंह ने उसकी मुलाकात इंवेस्टर कृष्ण कुमार से करवाई थी। कृष्ण कुमार ने रुपये दुगने का लालच देकर तीन लाख रुपये ठग लिए थे।
हत्या को नार्मल मौत बताती रही पुलिस
खुड्डा अलीशेरा निवासी इंवेस्टर कृष्ण कुमार की मौत को सेक्टर-17 थाना पुलिस नार्मल बताती रही। पुलिस दावा कर रही थी कृष्ण कुमार के शरीर पर कोई चोट नहीं थी। 17 जुलाई को इंवेस्टर कृष्ण कुमार का शव सेक्टर 23/16 के नाले में मिला था।
18 जुलाई को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम विसरा जांच के लिए भेज दिया था। सेक्टर 17 थाना प्रभारी हत्या का मामला दर्ज करने के लिए विसरा रिपोर्ट आने की बात कहने में लगे थे। जबकि इंवेस्टर के भाई मनोज कुमार हत्या का दावा कर रहा था। लेकिन सेक्टर 17 थाना प्रभारी ने पूरे मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की थी।
खुड्डा अलीशेरा निवासी इंवेस्टर कृष्ण कुमार की मौत का मामला सुलझा लिया गया है। आरोपी करण को रविवार(आज) कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आशीष कपूर, डीएसपी