भारतीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत
- फोटो : demo pic
पेरिस के एक शहर में भारतीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। युवक को मां बाप ने घर बेचकर विदेश भेजा था। जब से घर में खबर आई है, कोहराम मच गया है। जानकारी के मुताबिक, कपूरथला जिले के कस्बा बेगोवाल वार्ड नं. 10 के युवक की पेरिस के जिला बोबीनी के शहर ला-कार्नव में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिमरनजीत सिंह पुत्र बलकार सिंह फ्रांस पुलिस को सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला था।
उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वार्ड पार्षद जोगिंदर सिंह ने बताया कि मौत के दो दिन बाद पुलिस ने उसके दोस्त कुलविंदर सिंह को इसकी सूचना दी। सिमरनजीत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ एक कमरे में रहता था। उसके दोस्तों का कहना है कि सिमरनजीत सिंह एक पाकिस्तानी के पास काम करता था। उसकी मौत काम करते समय चौथी मंजिल से गिरने से हुई है।
मालिक ने उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया था। दूसरी तरफ पुलिस यह बात मानने के लिए तैयार नहीं है कि अगर वह चौथी मंजिल से नीचे गिरा है तो उसके शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान क्यों नहीं है, जबकि उसके सिर पर चोट के गहरे निशान मिले है। मृतक की माता राज कौर ने बताया कि परिवार का अच्छा पालन पोषण करने के लिए करीब डेढ़ साल पहले मकान बेचकर 10 लाख रुपये खर्च करके सिमरनजीत सिंह को विदेश भेजा था।
कुछ समय पहले उसके पिता हार्ट अटैक आने से अपाहिज हो चुके हैं। दूसरा बेटा मजदूरी करता है। सिमरनजीत की मौत ने उनके सभी सपने चकनाचूर कर दिए। इस समय वह किराये के मकान में रह रहे हैं। मानव अधिकार संस्थाओं की ओर से सिमरनजीत सिंह के शव को भारत लाने के प्रबंध किए जा रहे हैं। उसका अंतिम संस्कार बेगोवाल में किया जाएगा।