सुजानपुर पुलिस ने सेना की टीए बटालियन में भर्ती कराने के नाम पर तीन लाख 35 हजार की धोखाधड़ी करने के आरोप में पिता-पुत्र को नामजद कर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। एक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है । फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के गांव सरोग कहार निवासी यासीन मोहम्मद और अली मोहम्मद ने शिकायत में बताया था कि वह 22 दिन पहले माधोपुर कैंट में सेना की टीए बटालियन की भर्ती के लिए अपने जिले से लड़के लेकर आया था।
माधोपुर कैंट में उन्हें दो व्यक्तियों ने सेना के उच्च अधिकारियों के साथ अच्छे संबंध होने का झांसा देकर टीए में भर्ती कराने के लिए उनसे सौदा किया।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि दोनों ने उनसे तीन लाख 35 हजार रुपये ले लिए। इसके बदले में उन्हें एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एडमिट कार्ड लेकर वे टीए बटालियन में चले गए। जांच में उक्त एडमिट कार्ड जाली निकले।
मामले की शिकायत पर डीएसपी डी जगजीत सिंह की ओर से की गई जांच में पाया कि दोनों लोगों की ओर से दिया गया इनोवा कार का नंबर स्कूटर का है। इसी तरह दिए गए दो मोबाइल नंबर अमृतसर के पाए गए जो कि किसी और के प्रूफ देकर तैयार किए गए थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर सुजानपुर पुलिस थाने में अमृतसर निवासी तेजिंद्र जीत सिंह, उसके बेटे सुखजीत सिंह, भतीजे सैनी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। सुजानपुर के थाना प्रभारी परमवीर सैनी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।