छोटी बहन मोनिका का विवाह 15 साल पहले हुआ था, जिसके दो बच्चे, 13 साल का लड़का और 10 साल की लड़की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शुरू से ही उसकी छोटी बहन मोनिका को उसका जीजा दविंद्र परेशान व मारपीट करता था। इस संबंध में दोनों परिवारों में कई बार पंचायतें भी हुईं, परंतु हरेक बार आरोपी द्वारा मारपीट न करने का भरोसा देने पर समझौता हो जाता था।
बीती 24 अप्रैल को उसकी बड़ी बहन सीमा का फोन आया कि मोनिका की अचानक मौत हो गई है। वह परिवार समेत सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उसका जीजा दविंदर कुमार जल्दी में अपनी पत्नी का बिना पोस्टमार्टम करवाए ही शव को ले गया। उसके जीजा ने परिवार को विश्वास दिलाया कि मोनिका की मौत अचानक हुई है।
इसके भरोसे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब उसकी बड़ी बहन सीमा ने बताया कि मोनिका की मौत अचानक नहीं हुई, बल्कि उसके पति दविंदर कुमार की ओर से सिर में कोई नुकीली चीज मारकर कत्ल किया गया है।
सीमा ने बताया कि दविंदर कुमार के किसी औरत के साथ संबंध हैं जिसका मोनिका विरोध करती थी। इसी रंजिश के चलते दविंदर कुमार ने मोनिका के सिर में कोई तीखी चीज मारकर उसका कत्ल कर दिया। थाना प्रभारी बिक्रम सिंह घुम्मन ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।