सीआईए स्टाफ की टीम ने तलवाड़ा में टैंकरों से स्पिरिट चोरी कर उससे शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना फरार है। आरोपियों में दो टैंकर चालक शामिल हैं। आरोपियों से 40 हजार लीटर स्पिरिट, दो टैंकर, तीन कारें और 21 कैन बरामद किए गए हैं।
एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि बरिंगली खड्ड के पास ढाबे के पीछे कुछ लोग टैंकरों से स्पिरिट निकाल रहे हैं। सूचना देने वाले के मुताबिक, ये लोग इससे शराब बनाते हैं। इस पर तलवाड़ा पुलिस की पार्टी के साथ मिलकर दबिश दी गई और छह लोगों को दबोच लिया गया। यह स्पिरिट तलवाड़ा के करीबी कस्बे संसारपुर टैरेस से बद्दी और परवाणू स्थित फैक्टरियों को भेजी गई थी। टैंकर चालकों की मिलीभगत से रास्ते में स्पिरिट चोरी की जा रही थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब सरकार की बड़ी घोषणा : पांचवी-आठवीं और 10वीं के सभी विद्यार्थी बिना परीक्षा अगली कक्षा में होंगे प्रमोट
1300 रुपये में बेचते थे एक कैन
आरोपी हिमाचल के संसारपुर टैरेस में फैक्टरियों की ओर से भेजी जाने वाले टैंकरों से चालकों की मदद से स्पिरिट चोरी करते थे। वे इसे 1200 से 1300 रुपये प्रति कैन के हिसाब से पंजाब और हिमाचल में बेच देते थे। इससे शराब बनाकर विभिन्न स्थानों पर बेची जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद भी इससे शराब बनाते थे। वे स्पिरिट को बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर और कांगड़ा सहित हिमाचल में कई जगह बेचते थे।
ये आरोपी किए गिरफ्तार
- गुरविंदर सिंह निवासी झुगियां थाना जुल्का, जिला पटियाला
- दारा खान निवासी गदरी नगर, शंभू, पटियाला
- राकेश उर्फ बाबा निवासी गंगवाल थाना अंदोरा, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश
- नरिंदर उर्फ रिंकू निवासी सोहल थाना धारीवाल, जिला गुरदासपुर
- गुरचरण सिंह उर्फ सिंटा निवासी टांडा चूड़ियां थाना हाजीपुर,
- दिनेश निवासी दीना नगर पुरानी आबादी, जिला गुरदासपुर
- गुरदासपुर के थाना धारीवाल क्षेत्र स्थित सोहल का रहने वाला गिरोह का सरगना राहुल फरार है
यह भी पढ़ें- हरियाणा में रात्रि कर्फ्यू के दौरान दूसरे राज्यों के पास मान्य होंगे या नहीं ? पढ़ें- सरकार का यह अहम निर्देश