अमृतसर के गांव रोड़ांवाला से बरामद हेरोइन व ड्रोन और साथ में बीएसएफ अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 160 बटालियन की चेकपोस्ट एनएस वाला (ढाणी नत्था सिंह) के पास पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजी हेरोइन के तीन पैकेट मिले हैं। इनका वजन तीन किलो बताया जा रहा है। सोमवार शाम सर्च अभियान के दौरान यह खेप मिली है।
बीएसएफ अधिकारी के मुताबिक सीमा पर तैनात बीएसएफ की 160 बटालियन के अंतर्गत चेकपोस्ट एनएस वाला के पास शाम तीन बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान सीमा पर लगी कंटीली तार के नजदीक खेत में एक पैकेट मिला। इसे खोलकर देखा गया तो अंदर हेरोइन के तीन पैकेट थे।
हेरोइन की इस खेप को पाकिस्तानी ड्रोन से गिराया गया है। बीएसएफ ने रात के समय पाकिस्तानी ड्रोन की हलचल देखी थी। इसके बाद पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने सर्च अभियान चलाया। उधर, खेत मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
सीमांत गांव रोड़ांवाला से हेरोइन और पाकिस्तानी ड्रोन बरामद
उधर, अमृतसर जिले में बीएसएफ जवानों ने सोमवार शाम भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर सेक्टर के गांव रोड़ांवाला के खेत से पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। जवानों ने इस ड्रोन के साथ 450 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। यह जानकारी बीएसएफ प्रवक्ता ने दी।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक जवान सोमवार की दोपहर सीमांत गांव रोड़ांवाला के निकट रूटीन गश्त पर थे। इस दौरान सूचना के बाद जवानों ने गांव के आसपास इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। बीएसएफ जवानों को गांव के साथ बिल्कुल सटे एक खेत में शाम करीब 3:40 बजे पाकिस्तानी ड्रोन मिला। इसके अलावा एक पीले रंग का पैकेट भी मिला। इसमें 450 ग्राम हेरोइन थी।