निर्झर वाटिका स्थित रेस्तरां में न्यू ईयर के जश्न के बाद नए साल की अलसुबह करीब तीन बजे पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल की सर्विस गन से चली गोली से वह खुद ही गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
गोली उसके सिर के पार हो गई। घायल हेड कांस्टेबल जयपाल को सेक्टर छह स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में सुबह उसका ऑपरेशन किया गया।
फिलहाल, उसकी हालत स्थिर है। पुलिस के मुताबिक, कैथल निवासी हेड कांस्टेबल जयपाल पंजाब कैडर के आईएएस केएस सिद्धू के बेटे सहज का गनमैन है।
केएस सिद्धू शहरी विकास मंत्रालय दिल्ली में सचिव स्तर के पद पर तैनात हैं। फिलहाल पुलिस इसे चूक में चली गोली का मामला मान रही है, लेकिन घायल का बयान लेने के बाद अगली कार्रवाई करेगी।
निर्झर वाटिका स्थित रेस्तरां फाइव डिग्री में न्यू ईयर पर जश्न मनाने के बाद अधिकतर लोग निकल चुके थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आते ही लोग रेस्तरां की ओर दौड़ पड़े।
वहां जाकर देखा तो गोली जयपाल के सिर के आरपार हो गई थी। सहज अपने दोस्त संदीप से मिलने गनमैन जयपाल के साथ सेक्टर-पांच आया था। वह इस रेस्टोरेंट में पार्टनर भी है।
वापस लौटते वक्त जब जयपाल अपनी गन एमटी-9 को बाहर निकाल रहा था, तभी गलती से गोली चल गई और वह घायल हो गया।
लेकिन, सवाल यह उठता है अचानक गोली कैसे चल गई, जबकि जयपाल अक्सर अपनी गन को लॉक रखता था।
मेरा दोस्त सहज मुझसे मिलने आया था। रेस्टोरेंट से निकलते समय अचानक जयपाल की सर्विस गन से गोली चल गई, जो उसके सिर में जा लगी। जयपाल पिछले आठ सालों से सहज के साथ तैनात है। जयपाल ने कोई नशा नहीं किया था। गलती से ही गोली चली है।
- संदीप, रेस्टोरेंट मालिक