पंजाब-राजस्थान व हरियाणा पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका अबोहर के गांव शेरेवाला निवासी कुख्यात गैंगस्टर अंकित भादू रविवार को पुलिस के हाथ आते-आते निकल गया। इसके बाद तीन राज्यों की पुलिस ने नाकाबंदी करके भादू को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए। अकिंत भादू पर सादुलशहर में स्वर्णकार और श्रीगंगानगर में जार्डन की हत्या सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हरियाणा पुलिस की टीम अंकित भादू का पीछा करते हुए रविवार सुबह सादुलशहर के गांव गदरखेड़ा पहुंची। वहां भादू के एक मंदिर के पास छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस अंकित भादू को घेर पाती, इससे पहले वह हवाई फायर करते हुए खेतों में खड़ी एक बाइक पर सवार होकर भाग निकला। वहीं सादुलशहर पुलिस को अंकित के शहर में आने और किसी मंदिर के पास छुपे होने की भनक तक नहीं लगी।